Date: 24/02/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धनबाद नगर निगम के वार्ड 8 में बैलेट पेपर में गड़बड़ी, हंगामे के बाद कुछ देर मतदान बाधित
 

2/23/2026 11:29:19 AM IST

101
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad  :- धनबाद नगर निकाय चुनाव के दौरान धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 8 में बैलेट पेपर की गंभीर गड़बड़ी सामने आने से मतदान प्रक्रिया कुछ देर के लिए बाधित हो गई।मामला बूथ संख्या 345 और 354 का है, जहां वार्ड 8 की जगह वार्ड संख्या 9 के बैलेट पेपर से मतदान कराए जाने का खुलासा हुआ।जानकारी के अनुसार, एक सतर्क मतदाता ने जब बैलेट पेपर को ध्यान से देखा तो पाया कि चुनाव चिन्ह सही है, लेकिन उसके सामने अंकित प्रत्याशी का नाम गलत है। इस पर उसने तत्काल आपत्ति जताई। अधिकारियों द्वारा जांच करने पर स्पष्ट हुआ कि संबंधित बूथों पर वार्ड संख्या 8 के बजाय वार्ड संख्या 9 के बैलेट पेपर का उपयोग किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि गड़बड़ी सामने आने से पहले 37 मतदाता गलत बैलेट पेपर पर अपना वोट डाल चुके थे। बैलेट पेपर क्रमांक 1 से 11 तक वार्ड संख्या 8 अंकित था, जबकि 12 से 37 तक वार्ड संख्या 9 अंकित पाया गया। इसी प्रकार एक अन्य बूथ पर भी 14 मतदाता मतदान कर चुके थे। जिसके बाद त्रुटि पकड़ में आई और संबंधित बैलेट पेपर से मतदान तत्काल रोक दिया गया। हंगामे के कारण कुछ देर के लिए मतदान प्रक्रिया स्थगित रही। हालांकि मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। इस संबंध में वार्ड संख्या 8 के पार्षद प्रत्याशी महावीर पासी ने बताया कि बूथ संख्या 345 के साथ-साथ बूथ संख्या 354 में भी बैलेट पेपर में इसी तरह की गड़बड़ी पाई गई। उन्होंने कहा कि चुनाव चिन्ह तो सही था, लेकिन प्रत्याशी का नाम गलत अंकित था, जिससे प्रतीत होता है कि किसी अन्य वार्ड का बैलेट पेपर उपयोग में लाया जा रहा था। एकलव्य स्कूल स्थित बूथ पर भी इसी प्रकार की त्रुटि सामने आने की बात कही गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग 25 वोट इसी तरह डाले जा चुके हैं। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जा रहा है।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क