Date: 31/03/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बेटी की शादी के लिए रुपये निकालकर घर लौट रहे पिता से लाखो की छिनतई 

1/28/2026 5:41:41 PM IST

102
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger: मुंगेर जिला अंतर्गत जमालपुर थाना क्षेत्र के गायत्री नगर गली संख्या तीन के सामने दिनदहाड़े अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। अवकाश प्राप्त प्राचार्य मणिकांत झा से दो बाइक सवार बदमाशों ने दो लाख रुपये की छिनतई कर ली। पीड़ित मणिकांत झा बैंक से रुपये निकालकर पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि ये रुपये उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए निकाले थे। जैसे ही वे गायत्री नगर गली संख्या तीन के पास पहुंचे, पीछे से बाइक पर सवार दो युवक आए और झपट्टा मारकर उनके हाथ से रुपये से भरा थैला छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। पीड़ित काफी सहमे और भावुक नजर आए। उन्होंने बताया कि बेटी की शादी को लेकर पहले से ही चिंता थी और अब इस घटना ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया है। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित को संभाला और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही जमालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने दिनदहाड़े हुई इस छिनतई की घटना पर गहरी नाराजगी जताई है और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर रिटायर्ड प्राचार्य भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा होता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 
कोयलांचल लाइव के लिए मुंगेर से इम्तियाज़ की रिपोर्ट