Date: 14/02/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

लूटेरा गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफास, रेलवे में नौकरी दिलाने का नाम पर करते थे ठगी 
 

2/13/2026 6:20:24 PM IST

28
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad: रेलवे में स्पोर्ट्स कोटा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का धनबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से लग्जरी कारें, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, मेडिकल सर्टिफिकेट, स्टंप-मुहर और नकदी बरामद किया है। यह जानकारी शुक्रवार को सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने एक प्रेस वार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि गिरोह देश के अलग-अलग राज्यों, खासकर दक्षिण भारत के युवाओं को निशाना बनाते थे। इस संबंध में तमिलनाडु के कृष्णागिरी निवासी एस. बालाजी ने धनबाद थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए जानकारी दी थी कि आरोपियों ने उनके परिजनों को रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 40 लाख 47 हजार रुपये ठग लिया है। शिकायत के आधार पर धनबाद थाना में कांड संख्या 59/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। इसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।  गिरफ्तार अभियुक्तों में धनबाद के धैया निवासी संजीत कुमार और सरायढेला निवासी सुबोध कुमार शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का एक सदस्य अभ्यर्थियों को तलाश कर उनसे 6 से 7 लाख रुपये वसूलता था। जबकि दूसरा फर्जी मेडिकल टेस्ट, स्पोर्ट्स कोटा प्रमाणपत्र और रेलवे के नाम से जाली ज्वाइनिंग लेटर तैयार करता था। उन्होंने बताया कि इस दौरान गिरोह अभ्यर्थियों का पहले स्पोर्ट्स कोटा में शामिल करने की बात कह उन्हें एक फर्जी सर्टिफिकेट देता था। इसके बाद उन अभ्यर्थियों को धनबाद रेलवे अस्पताल में फर्जी मेडिकल बोर्ड बिठा उनका फर्जी मेडिकल भी कराया जाता था। इतना ही नही गिरोह उन अभ्यर्थियों को धनबाद के ढोकरा रेलवे स्टेशन पर रेलवे की आइटसोर्स कंपनी के लोगों से सांठगांठ कर इन्हें तीन महीने का ट्रेनिंग भी देते थे। ताकि वे धोखे में रहे। छापेमारी में पुलिस ने एक स्कोडा कार और एक क्रेटा कार, रेलवे के फर्जी ज्वाइनिंग लेटर व मेडिकल सर्टिफिकेट, स्पोर्ट्स कोटा प्रमाणपत्र व कई अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेज। 50 हजार रुपये नकद, फर्जी स्टंप-मुहरें, चेकबुक और महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार इस गिरोह में 10 से अधिक लोग शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। सिटी एसपी ने कहा कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के साथ ही ढोकरा रेलवे स्टेशन पर कार्यरत आइटसोर्स कंपनी और रेलवे अस्पताल कर्मियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए धनबाद से दीपक की रिपोर्ट