Date: 21/03/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

चतरा से इटखोरी तक मस्जिदों में उमड़ा जनसैलाब, गले मिल एक-दूसरे को दी ईद की मुबारकबाद

3/21/2026 1:47:22 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

 Chatra : एक महीने के पवित्र रमजान के रोजों और इबादत के बाद आज चतरा जिले में ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय से लेकर सुदूरवर्ती प्रखंडों तक, हर तरफ खुशियों का माहौल देखा गया। हजारों की संख्या में अकीदतमंदों ने ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की और मुल्क की तरक्की व शांति के लिए दुआएं मांगी। सुबह से ही जिले के विभिन्न ईदगाहों में रौनक दिखाई देने लगी थी। प्रतापपुर, हंटरगंज, सिमरिया, जोरी, पत्थलगड़ा और इटखोरी समेत तमाम प्रखंडों में छोटे-बड़े सभी ईदगाह नमाजियों से गुलजार रहे। सफेद लिबास और सिर पर टोपी पहने बच्चे, बूढ़े और जवान खुदा की बारगाह में सजदा करते नजर आए। नमाज मुकम्मल होने के बाद 'ईद मुबारक' के नारों के साथ लोग एक-दूसरे के गले मिले और गिले-शिकवे दूर किए। बच्चों में ईद को लेकर खासा उत्साह था। ईदगाहों के बाहर सजे मेलों में बच्चे गुब्बारे, खिलौने और आइसक्रीम का लुत्फ उठाते दिखे। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, ताकि शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा की जा सके। त्योहार की इस रौनक ने एक बार फिर चतरा की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की है।

चतरा से कोयलांचल लाइव के लिए प्रशांत जय वर्धन की रिपोर्ट