Date: 21/05/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 धनबाद में उद्यमिता पर सेमिनार, प्रो. देबज्योति ने युवाओं को किया प्रेरित

5/21/2026 2:16:40 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad: अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक और वक्ता प्रोफेसर देबज्योति मुखर्जी गुरुवार को धनबाद पहुंचे, जहां उन्होंने शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में आयोजित सेमिनार के माध्यम से युवाओं और छात्राओं को उद्यमिता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता के जरिए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। मानव विकास कल्याण समिति द्वारा आशा किरण और ब्राइटर स्टेप संस्थान के सहयोग से “उद्यमिता ही क्यों?” विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अभय सुंदरी गर्ल्स मध्य विद्यालय, ईस्ट एंड स्कूल और बड्स गार्डन में आयोजित हुआ। अभय सुंदरी गर्ल्स स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने हिस्सा लिया, जहां प्रोफेसर देबज्योति मुखर्जी ने उद्यमिता के महत्व और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी। मुख्य आयोजिका प्रियदर्शिनी यादव ने बताया कि वर्तमान समय में युवा नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं, जबकि उद्यमिता के जरिए वे आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य युवाओं को उद्यमिता की ओर प्रेरित करना, उन्हें प्रशिक्षण देना, पूंजी उपलब्ध कराना और हैंड होल्डिंग सपोर्ट देकर सफल उद्यमी बनाना है। वहीं प्रोफेसर देबज्योति मुखर्जी ने कहा कि वैश्विक महामारी और बढ़ती महंगाई के दौर में स्वरोजगार युवाओं के लिए बेहतर विकल्प बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि उद्यमिता न केवल आत्मनिर्भर बनाती है बल्कि रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है।
 
संजना सिंह कोलयांचल लाइव डेस्क