Date: 05/06/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बाइक छोड़ने के बदले 10 हजार की मांग? युवक ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

6/4/2026 12:21:45 PM IST

33
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : टेल्को थाना क्षेत्र में देर रात एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। प्रकाश नगर निवासी संतोष सिंह ने आरोप लगाया है कि टेल्को प्लाजा से अपने घर लौटने के दौरान पुलिस गश्ती दल में तैनात वाहन चालक ने उनकी काले रंग की स्प्लेंडर बाइक रोक ली। बाइक के पीछे नंबर प्लेट नहीं होने का हवाला देते हुए उनसे जुर्माना भरने को कहा गया। संतोष सिंह के अनुसार, उन्होंने कई बार अनुरोध किया, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई और बाइक को टेल्को थाना ले जाया गया। पीड़ित का आरोप है कि बाद में बाइक छोड़ने के एवज में उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि थाना का चालक ही "बड़ा बाबू" की तरह व्यवहार कर रहा था। घटना से आक्रोशित संतोष सिंह शुक्रवार सुबह टेल्को प्लाजा रोड पर अपनी बाइक के कागजात लेकर धरने पर बैठ गए। उन्होंने प्रशासन से अपनी बाइक वापस दिलाने की मांग की। सड़क पर धरना शुरू होते ही वहां राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर टाइगर मोबाइल की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित को मामले की जांच तथा बाइक दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद संतोष सिंह ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त किया और सड़क जाम हटाया गया, जिससे यातायात सामान्य हो सका। फिलहाल, मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह पुलिस कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम मिश्रा की रिपोर्ट