Date: 26/08/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

वाहन चोरी के संगठित गिरोह का खुलासा, तीन शातिर अपराधी गिरफ्तार; 17 चोरी की बाइक बरामद

8/25/2026 2:15:41 PM IST

15
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Jamshedpur : पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 17 मोटरसाइकिलें और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जमशेदपुर शहर समेत विभिन्न जिलों के थाना क्षेत्रों से बाइक और स्कूटी चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि ज्वालकट्टा स्थित हरिकीर्तन मंडप और मिलनवीथी हाई स्कूल के पास कुछ युवक चोरी की बाइक के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन युवकों को तीन वाहनों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने संगठित तरीके से विभिन्न इलाकों से बाइक और स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रभाष महाली, जयप्रकाश महाली उर्फ प्रकाश और सचिन महाली के रूप में हुई है। तीनों गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के चशोल हवेली डुगरीगोड़ा गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक एप्पल आईफोन, एक रेडमी और एक पोको स्मार्टफोन भी बरामद किया है। बरामद वाहनों में ज्यादातर हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक हैं। इसके अलावा पेंशन प्रो और होंडा साइन मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं। फिलहाल पुलिस बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने के साथ-साथ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से इनका मिलान कर रही है।

 

जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट