Munger : बिहार के मुंगेर में शारदीय दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले में 13 नियंत्रण कक्ष और 19 चेकपोस्ट सक्रिय किए गए हैं। वहीं, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के साथ पूजा पंडालों की निगरानी भी तेज कर दी गई है। मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने प्रेस वार्ता कर दुर्गा पूजा को लेकर की गई सुरक्षा तैयारियों की जानकारी दी। एसपी के मुताबिक, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए 20 स्थानों पर बैरिकेडिंग और 43 जगहों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। वहीं, रात में निगरानी के लिए 26 बीट में पैदल गश्ती कराई जा रही है। विधि-व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका में 235 असामाजिक तत्वों के खिलाफ सीसीए का प्रस्ताव भेजा गया है, जबकि 3718 लोगों के विरुद्ध बंध-पत्र की कार्रवाई की गई है। पूजा पंडालों के आसपास सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। कष्टहरणी घाट से चंडिका स्थान और बड़ी दुर्गा महारानी तक श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। गंगा घाट पर गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम तैनात रहेगी। दुर्गा पूजा मेला, रावण वध कार्यक्रम एवं विसर्जन शोभा यात्रा को भक्तिपूर्ण माहौल में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गयी है. खुद जिलाधिकारी निखिल धनराज एवं पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद देर रात तक लगातार पूजा पंडाल, मंदिर पहुंच कर वहां के व्यवस्था का जायजा ले रहे है.एसपी ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट को बिना सत्यापन साझा न करें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़