Date: 08/08/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

JPSC-JSSC पेपर लीक के विरोध में छात्रों का हंगामा, CM आवास घेराव के दौरान पुलिस से झड़प
 

8/8/2026 5:15:56 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Ranchi: झारखंड में JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने के लिए मार्च कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है और सरकार को इस मामले में ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, जिसके बाद छात्रों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया। ABVP कार्यकर्ताओं ने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने, कथित पेपर लीक और अनियमितताओं की जांच कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी।

 

रांची से कोयलांचल लाइव के लिए प्रशांत कुमार की रिपोर्ट