Date: 06/11/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दीपावली से पहले बाजारों में रौनक, सजावटी सामानों की जमकर हो रही खरीदारी ............

11/6/2026 12:23:42 PM IST

20
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Jamshedpur : दीपावली पर्व को लेकर घर की सजावट के सामानों की जमकर खरीदारी हो रही है। पूरा शहर रोशनी,रंग और उत्साह से नहाया हुआ नज़र आ रहा है। दीपावली में मात्र तीन दिन बचा हुआ है और जमशेदपुर शहर के बाजारों में खरीदारी का माहौल चरम पर है। बिष्टुपुर, साकची, मानगो, बारीडीह, समेत शहर के तमाम प्रमुख बाजार में सजावट के सामानों से लबालब भरे पड़े हैं। लोग परिवार के साथ बाजार पहुँच रहे हैं और घर को नया रूप देने के लिए एक से बढ़कर एक सामान चुन रहे हैं। इस बार बाजार में हैंडमेड पेपर लैंप और झूमर, तोरण की खास डिमांड देखने को मिल रही है। लक्ष्मी-गणेश के कटआउट, स्वास्तिक और ओम वाले बैलून, फूलों की आकृति वाले लैंप, रंग-बिरंगे पेपर लालटेन, स्टार शेप लाइट, हैंगिंग लैंप, पेपर झूमर और दीवार पर लगाने वाले वॉल हैंगिंग सब कुछ उपलब्ध है। कमल के फूल, मोर पंख और मंदिर के आकार वाली सजावट भी लोगों को खूब लुभा रही है। कृत्रिम फूलों का बाजार तो मानो पूरा बगीचा बन गया है। आर्टिफिशियल गुलाब,और सनफ्लावर की लड़ियाँ छत से लटकी हुई हैं। लोग इन्हें बालकनी, ड्राइंग रूम और पूजा स्थल सजाने के लिए खरीद रहे हैं। साथ ही सुगंधित दीये और डिजाइनर मोमबत्तियाँ भी काफी पसंद की जा रही हैं। कॉफी, गुलाब, चमेली, बेली और नींबू जैसी खुशबू वाले दीये और कैंडल उपलब्ध हैं, जो घर में खुशबू के साथ रोशनी भी फैलाते हैं। बाजार में खरीदारी करने आए लोग बता रहे हैं कि इस बार सजावट के सामान न सिर्फ खूबसूरत हैं बल्कि कीमत भी अच्छी है। परिवार के साथ घूमते हुए सामान चुनने का मजा ही कुछ और है। दीपावली सिर्फ रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि घर को नया रूप देने और परिवार के साथ खुशियाँ बाँटने का अवसर भी है। जमशेदपुर के बाजार इस बार पूरी तैयारी के साथ सज गए हैं। चाहे आप हैंडमेड पेपर सजावट चुनें, मिट्टी के घरौंदे लें या मॉडर्न लाइट्स और क्रॉकरी, सब कुछ एक जगह मिल रहा है। खुशियों के साथ दीपावली मनाएंगे।

 

जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट |