Date: 24/11/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 BCCL में सफाई कर्मियों के लिए खुलेगा सांध्यकालीन स्कूल, 15 जनवरी तक खाली पदों पर होगी बहाली
 

11/24/2026 4:03:12 PM IST

32
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad ;  धनबाद पहुंचे राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य मनोज कुमार बाल्मीकि ने बीसीसीएल में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के उत्थान और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर बड़ा निर्देश दिया है। मंगलवार को कोयला भवन मुख्यालय के सभागार में बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, डीटी, डीपी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विशेष बैठक हुई। इस दौरान आयोग के सदस्य ने अधिकारियों के सामने ही सफाई कर्मचारियों को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास पर जोर दिया।बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मनोज कुमार बाल्मीकि ने बताया कि बैठक के दौरान जितने सफाई कर्मचारियों से उन्होंने बातचीत की, उनमें महज तीन कर्मचारी ही दसवीं पास मिले। इससे सफाई कर्मचारियों के बीच शिक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इस स्थिति को देखते हुए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। अब धनबाद जिले के विभिन्न सरकारी संस्थानों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को शिक्षित करने के उद्देश्य से एक सांध्यकालीन विद्यालय शुरू किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी बीसीसीएल को दी गई है। इस स्कूल में सफाई कर्मचारी अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद पढ़ाई कर सकेंगे, ताकि रोजगार के साथ उनकी शिक्षा भी जारी रह सके। वहीं, आयोग के सदस्य ने बीसीसीएल में सफाई कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने के लिए 15 जनवरी 2027 तक की समयसीमा निर्धारित की है। बहाली में ऐसे परिवारों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है, जिनमें पूरी तरह बेरोजगारी है।आयोग की इस पहल को सफाई कर्मचारियों के शैक्षणिक विकास, रोजगार और सामाजिक उत्थान की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
 
 
कोयलांचल लाइव डेस्क