Date: 29/11/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

घने कोहरे में पलटा पुलिस एस्कॉर्ट वाहन! दो महिला जवानों समेत 4 घायल..

11/28/2026 1:25:48 PM IST

24
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर में घने कोहरे का कहर देखने को मिला है। जहां कम दृश्यता के कारण पुलिस का एस्कॉर्ट वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में दो महिला जवानों समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी जवान को गंभीर चोट नहीं आई। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। दरअसल, पूरा मामला मुंगेर के फोरलेन का है। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी किसी वीआईपी की एस्कॉर्ट ड्यूटी में गए हुए थे। ड्यूटी से वापस लौटने के दौरान इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था। इसी बीच कम दृश्यता के कारण एस्कॉर्ट वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।इस हादसे में पुलिस लाइन के राजेश कुमार, मोहम्मद आजम, स्वाती सिंह और चांदनी कुमारी जख्मी हो गए। हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। वहीं, घटना को लेकर मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि घने कोहरे के कारण एस्कॉर्ट वाहन पलट गया था। हादसे में चार जवानों को हल्की चोटें आई थीं। सदर अस्पताल में इलाज के बाद सभी पुलिसकर्मी स्वस्थ होकर पुलिस केंद्र लौट चुके हैं। फिलहाल सभी जवान सुरक्षित हैं, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर कोहरे के मौसम में सड़क पर सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया है।
 

मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट