Date: 27/03/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

स्वर्णरेखा नदी में डूबे 11 वर्षीय अंकुश का हुआ रेस्क्यू, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल 

1/28/2026 3:39:35 PM IST

99
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बरिडीह स्वर्णरेखा नदी के डोंगा घाट में बीते 26 जनवरी को डूबे 11 वर्षीय अंकुश कालिंदी का शव करीब 48 घंटे बाद बरामद किया गया। अंकुश बिरसानगर का निवासी था और 26 जनवरी को दोपहर करीब 2 बजे घाट क्षेत्र में डूब गया था. घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई थी. सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे, लेकिन परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय रहते प्रभावी सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया गया. लोगों ने गोताखोरों और आधुनिक उपकरणों के साथ त्वरित खोज अभियान चलाने की मांग की थी. इसके बावजूद NDRF टीम के पहुंचने में लगभग 48 घंटे लग गए. देरी को लेकर स्थानीय नागरिकों और परिजनों में आक्रोश देखा गया. लोगों ने प्रशासन की कार्यशैली और आपदा प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल उठाए. परिजन लगातार प्रशासन से मदद की गुहार लगाते रहे और जल्द से जल्द विशेष टीम बुलाने की मांग करते रहे. बताया जा रहा है कि विधायक पूर्णिमा दास के हस्तक्षेप के बाद NDRF की टीम जमशेदपुर पहुंची और सर्च ऑपरेशन को तेज किया गया. अभियान के दौरान डोंगा घाट क्षेत्र से अंकुश कालिंदी का शव बरामद किया गया. शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई. इस घटना ने एक बार फिर जिला स्तर पर आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए त्वरित और प्रभावी आपदा प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करने की आवश्यकता जताई है.
 
कोयलांचल लाइव के लिए जमशेदपुर से बिनोद केसरी की रिपोर्ट