Date: 12/02/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मेयर प्रत्याशी मुकेश पांडेय खुला चुनावी कार्यालय,अधिवक्ता सह समाजसेवी सुजीत मलिक ने फीता काटकर किया उद्घाटन

2/11/2026 3:38:02 PM IST

39
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad :  नगर निकाय चुनाव को लेकर मेयर प्रत्याशी मुकेश पांडे ने अपने चुनावी अभियान को गति देते हुए धनबाद के जेसी मलिक रोड स्थित मां भवानी परिसदन में चुनावी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। प्रतिष्ठित अधिवक्ता एवं समाजसेवी सुजीत मलिक ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समर्थक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर प्रत्याशी मुकेश पांडेय ने कहा कि वे पिछले 35 वर्षों से धनबाद की जनता की सेवा में सक्रिय हैं। छात्र जीवन से ही सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यों में उनकी भागीदारी रही है। उन्होंने कहा कि जनता का उन्हें हमेशा स्नेह और सहयोग मिलता रहा है और उन्हें विश्वास है कि नगर निकाय चुनाव में भी लोग उन्हें आशीर्वाद देंगे तथा सेवा का एक और अवसर प्रदान करेंगे। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता सुजीत मलिक ने कहा कि मुकेश पांडेय क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर सदैव सक्रिय रहते हैं। जनसरोकार के मुद्दों पर उनकी प्रतिबद्धता ही उनके व्यापक समर्थन का कारण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनता उनके अनुभव और कार्यशैली को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेगी। बताया जाता है कि मुकेश पांडेय ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से छात्र राजनीति के रूप में की थी। पिछले दो दशकों से वे भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और संगठनात्मक गतिविधियों में लगातार भागीदारी निभाते रहे हैं।
 
धनबाद से कोयलांचल लाइव के लिए दीपक की रिपोर्ट