Date: 20/03/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

निर्दयी पिता ने दूधमुंही बच्ची को पटक कर मारा, मां का रो-रोकर हुआ बुरा हाल 

3/20/2026 4:35:04 PM IST

25
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad :जहानाबाद के ओकरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक छह माह की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने बच्ची के पिता पर उसे जमीन पर पटककर मारने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। बताया जाता है कि ओकरी थाना अंतर्गत पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी दीपांकर कुमार की शादी करीब चार वर्ष पूर्व कुंती कुमारी के साथ हुई थी। करीब छह माह पहले उनके यहां एक बच्ची का जन्म हुआ था। परिजनों का आरोप है कि बच्ची के जन्म के बाद से ही पिता नाराज और मानसिक रूप से अस्थिर रहने लगा था तथा अक्सर बच्ची को लेकर आपत्तिजनक बातें करता था। जानकारी के अनुसार, दीपांकर अपनी बीमारी के इलाज के लिए  किसी ओझा के पास गया था। उसके साथ पत्नी और बच्ची भी मौजूद थी।  जब बच्ची की मां पानी लेने के लिए कुछ दूर गई, उसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से बच्ची को उठाकर जमीन पर पटक दिया। इससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन आरा पहुंचे और बच्ची के शव को लेकर जहानाबाद आए, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान मृतका की मां का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से आरोपी और उसके परिवार के कुछ सदस्य फरार हैं। पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन  कोई जवाब नहीं मिल सका। इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि दोषियों को सजा मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट