Date: 10/02/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

रवि बुंदेला ने बहुप्रतीक्षित “संकल्प पत्र 2026” जारी सबको चौकाया ,कहा नगर निगम को जवाबदेह, पारदर्शी और जनता के प्रति संवेदनशील बनाया जाए

2/9/2026 3:00:05 PM IST

39
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad :- धनबाद नगर निगम के आगामी मेयर चुनाव को लेकर शहर की राजनीति और विकास की दिशा को नई ऊर्जा देते हुए मेयर प्रत्याशी रवि बुंदेला ने आज अपना बहुप्रतीक्षित “संकल्प पत्र 2026” जारी किया। यह संकल्प पत्र धनबाद के विकास के लिए एक व्यापक विज़न डॉक्यूमेंट के रूप में तैयार किया गया है, जिसमें शहर को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध बनाने की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत की गई है। “संकल्प पत्र 2026” को जारी करते हुए मेयर प्रत्याशी रवि बुंदेला ने कहा कि यह संकल्प पत्र किसी राजनीतिक वादे का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि धनबाद की जनता की आकांक्षाओं, सुझावों और जमीनी हकीकत का प्रतिबिंब है। उन्होंने बताया कि संकल्प पत्र तैयार करने से पहले उन्होंने व्यापक स्तर पर “जन सुझाव अभियान” चलाया, जिसमें शहर के विभिन्न वर्गों — युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों, मजदूरों और बुद्धिजीवियों से संवाद स्थापित कर सुझाव लिए गए। इसके साथ ही शहर की मूल समस्याओं और आवश्यकताओं को समझने के लिए विस्तृत ग्राउंड सर्वे भी कराया गया। रवि बुंदेला ने कहा कि संकल्प पत्र 2026 में धनबाद के समग्र विकास के लिए 15 सूत्रीय एजेंडा तैयार किया गया है, जिसमें शहर की आधारभूत सुविधाओं को सशक्त करने से लेकर रोजगार, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और डिजिटल प्रशासन तक हर क्षेत्र को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उन्हें धरातल पर उतारना है। उन्होंने आगे बताया कि संकल्प पत्र के साथ-साथ उन्होंने शहर के लिए 100 दिनों का विशेष एक्शन प्लान भी तैयार किया है, जिसके तहत नगर निगम की कार्यप्रणाली में त्वरित सुधार, सफाई व्यवस्था को मजबूत करना, जल निकासी और पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाना, तथा नागरिक सुविधाओं को सुचारू रूप से लागू करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। संकल्प पत्र के प्रमुख बिंदुओं में शहर की सड़क और ड्रेनेज व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, आधुनिक और तकनीक आधारित सफाई व्यवस्था, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा, युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसर, ट्रैफिक और पार्किंग समस्या का वैज्ञानिक समाधान, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल धनबाद का निर्माण तथा नगर निगम सेवाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाना शामिल है। आगे रवि बुंदेला ने कहा कि उनका विज़न धनबाद को केवल विकसित शहर बनाना नहीं, बल्कि ऐसा शहर बनाना है जहां प्रत्येक नागरिक को सम्मान, सुविधा और बेहतर जीवन स्तर प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि “धनबाद का विकास तभी संभव है जब प्रशासन और जनता मिलकर कार्य करें। मेरा संकल्प है कि नगर निगम को जवाबदेह, पारदर्शी और जनता के प्रति संवेदनशील बनाया जाए।” उन्होंने धनबाद की जनता से अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं, बल्कि शहर के भविष्य को नई दिशा देने का निर्णायक समय है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही धनबाद को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की सबसे बड़ी ताकत बनेगा। आगे उन्होंने  विश्वास व्यक्त किया कि “संकल्प पत्र 2026” धनबाद के लिए विकास का मजबूत रोडमैप साबित होगा और शहर को प्रगति, सुव्यवस्था और समृद्धि के नए युग की ओर ले जाएगा।
 
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क