Date: 28/03/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

नगर निगम की बैठक में 11 जोनल कमिटियों का गठन, विकास योजनाओं पर तेज़ी से काम की तैयारी

3/28/2026 12:51:27 PM IST

38
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
 Dhanbad : धनबाद के बाबुडीह स्थित विवाह भवन में आज धनबाद नगर निगम की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मेयर संजीव सिंह, डिप्टी मेयर अरुण चौहान, नगर आयुक्त आशीष गंगवार और टुंडी विधायक सह झारखंड विधानसभा के सचेतक मथुरा प्रसाद महतो सहित 55 वार्डों के सभी पार्षद और निगम के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर निगम के कार्यों को और अधिक संगठित और प्रभावी बनाना था। इस दौरान सभी 55 वार्डों के लिए कुल 11 जोनल कमिटियों का गठन सर्वसम्मति से किया गया। पार्षदों ने मिलकर इन कमिटियों के सदस्यों का चयन किया, जिससे स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों की निगरानी और क्रियान्वयन को मजबूती मिलेगी। बैठक में मेयर संजीव सिंह ने जानकारी दी कि आज शाम नगर निगम कार्यालय में नवगठित जोनल कमिटियों के साथ बजट पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके बाद आगामी 30 मार्च को विकास योजनाओं पर विशेष बैठक आयोजित कर उन्हें पारित किया जाएगा। वहीं विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि नए पार्षदों और मेयर के नेतृत्व में जोनल कमिटियों का गठन एक महत्वपूर्ण कदम है। अब नगर निगम केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में तेज़ी से काम करेगा, जिससे जनता को सीधा लाभ मिल सकेगा।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क