Date: 13/06/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जीएम कार्यालय में यूनियन की बैठक, जन समस्याओं पर सकारात्मक पहल का भरोसा

6/13/2026 5:32:53 PM IST

42
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jharia : बीसीसीएल के भौंरा एरिया जीएम कार्यालय में आज जनता मजदूर संघ बच्चा गुट के महामंत्री अभिषेक सिंह की अगुवाई में मजदूरों और ग्रामीणों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीसीसीएल प्रबंधन, जीएम, विभिन्न यूनियनों के नेता, रैयत, ग्रामीण और दोनों वार्डों के पार्षद मौजूद रहे। बैठक के दौरान ग्रामीणों और मजदूरों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। यूनियन नेताओं ने कई जनहित के मुद्दे प्रबंधन के समक्ष रखे और उनके समाधान की मांग की। बैठक में मुख्य रूप से भौंरा एरिया ऑफिस के समीप स्थित कंटाघर का मुद्दा उठाया गया। यूनियन नेताओं का कहना है कि मुख्य सड़क पर स्थित कंटाघर के कारण आए दिन जाम, प्रदूषण और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने मांग की कि इसे बंद कर बीसीसीएल द्वारा संचालित 6 और 19 नंबर कांटा घरों में ही तौल कार्य कराया जाए। इसके अलावा श्याम एंड सेल्स कंपनी द्वारा माल लोडिंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए। यूनियन ने मांग की कि लोडिंग केवल डिपो से ही की जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और गुणवत्ता जांच सुनिश्चित हो सके। वहीं बीसीसीएल भौंरा एरिया के जीएम ने बताया कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गई है। कंटाघर और ट्रांसपोर्टिंग व्यवस्था से जुड़े मामलों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि श्याम सेल्स से जुड़े मुद्दे पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि सभी समस्याओं पर सकारात्मक पहल करते हुए जल्द समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। भौंरा एरिया जीएम कार्यालय में हुई इस बैठक को मजदूरों और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
 
झरिआ से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम् पांडेय की रिपोर्ट