Date: 08/05/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

भूली बी ब्लॉक हनुमान मंदिर में तोड़फोड़, मानसिक रूप से बीमार युवक हिरासत में

5/8/2026 1:40:17 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad: धनबाद के भूली बी ब्लॉक स्थित हनुमान मंदिर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने हनुमान जी की प्रतिमा को खंडित अवस्था में देखा। घटना से नाराज लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने मंदिर परिसर में मौजूद एक युवक को पकड़ लिया, जिसने खुद प्रतिमा तोड़ने की बात स्वीकार की। गुस्साए लोगों ने युवक को मंदिर के पास खंभे से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को अपने साथ थाना ले गई। युवक की पहचान भूली पंचवटी निवासी रविंद्र कुमार के रूप में हुई है, जिसे परिजन मानसिक रूप से बीमार बता रहे हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह जब स्थानीय लोग पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तब उन्होंने हनुमान जी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखा। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मंदिर परिसर में जमा हो गई। इसी दौरान एक युवक मंदिर के पास खड़ा मिला, जिसने पूछताछ में खुद प्रतिमा खंडित करने की बात कबूल कर ली। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने युवक को पकड़कर खंभे से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। मंदिर के पुरोहित ने आरोप लगाया कि रविंद्र कुमार पहले भी कई बार मंदिर में घुसकर प्रतिमा तोड़ने की कोशिश कर चुका है। उन्होंने बताया कि युवक महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं में भी शामिल रहा है। मंदिर समिति और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि युवक को जल्द किसी मानसिक अस्पताल में भर्ती कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। साथ ही मंदिर में नई हनुमान प्रतिमा स्थापित कराने की भी मांग उठाई गई है। वहीं युवक के परिजनों का कहना है कि रविंद्र कुमार पिछले करीब 15 वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित है। उसका इलाज रांची स्थित मानसिक आरोग्यशाला में भी कराया गया, लेकिन उसकी स्थिति में खास सुधार नहीं हुआ। परिजनों ने बताया कि उसे घर में संभालना काफी मुश्किल हो गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन घटना के बाद लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए धनबाद से दीपक की रिपोर्ट