Date: 18/05/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बाल संरक्षण इकाई की हुई बैठक, उपायुक्त ने कई बिंदुओं पर की चर्चा 

5/18/2026 5:39:58 PM IST

34
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जामताड़ा : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण इकाई की बैठक आहुत की गई।  बैठक में जिला बाल संरक्षण इकाई कार्यालय में रिक्त पदों के विरुद्ध नियुक्ति, जागरूकता कार्यक्रम, स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर योजना, पीएम केयर्स, बाल विवाह रोकने हेतु चलाए जा रहे अभियान सहित लापता बच्चों की सूचना संबंधित विभिन्न स्तरों पर गठित बाल संरक्षण समिति की स्थिति आदि बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। उपायुक्त द्वारा रिक्त पदों पर प्रकाशित विज्ञापन के आलोक में नियुक्ति के लिए प्राप्त आवेदनों के संवीक्षा की जानकारी लेते हुए विज्ञापन संबंधी विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इसके अलावा स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर  केयर तथा पीएम केयर्स योजना से लाभान्वित बच्चों की संख्या एवं लाभुकों के चयन की प्रक्रिया की जानकारी ली गई साथ ही पृच्छा की गई कि महीने में कितने बच्चों से जाकर मिले हैं, उन्होंने कहा कि वे स्वयं रेंडमली इसकी जांच कराएंगे। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश देते हुए कहा कि योजना के तहत योग्य एवं अहर्ताधारी लाभुकों को योजना का लाभ मिले, इसमें कोई गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। वहीं बाल विवाह के रोकथाम के लिए जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही पॉक्सो केस के मामले में थाना स्तर से रिपोर्ट नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस विभाग से पत्राचार करने का निर्देश दिया। इसके अलावा उपायुक्त ने विभिन्न स्तर पर गठित बाल संरक्षण समिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ समन्वय बनाकर बेहतर ढंग से कार्य करने का निर्देश दिया गया। कहा कि प्रखंड स्तर पर प्रत्येक माह जागरूकता कैंप आयोजित करने के लिए प्रखंडवार शेड्यूल बनाएं, जिसमें प्रखंड स्तर के सभी अधिकारी के अलावा पंचायत सचिव, जनप्रतिनिधिगण को आमंत्रित करें। इसके अलावा बाल विवाह एवं बाल श्रम पर नियमित रूप से कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
 
कोयलांचल लाइव के लिए जामताड़ा से निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट