Date: 04/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

'विदेश दौरे हुए लेकिन निवेश नहीं'-सीएम हेमंत सोरेन पर भाजपा ने उठाया सवाल 

5/19/2026 6:25:35 PM IST

140
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
रांची: भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड में निवेश करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विदेश दौरे पर सवाल खड़ा किया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने आज रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि लगभग 13 महीने पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पूरे दल बल के साथ स्वीडेन और स्पेन की यात्रा पर गए थे। प्रतुल शाहदेव ने मुख्यमंत्री के दावोस यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के भी कई महीने गुजर गए हैं। बावजूद इसके एक भी कंपनी ने झारखंड में अभी तक निवेश नहीं किया है। उन्होंने कहा कि स्पेन और स्वीडेन यात्रा के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड में 1लाख30 हजार करोड रुपए निवेश का भरोसा राज्य को दिया था। जबकि दावोस में भारतीय कंपनियों के साथ समझौता करने के लिए मुख्यमंत्री ने विदेश का दौरा किया था। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि झारखंड में विदेशी पूंजी निवेश के नाम पर की गई दोनों यात्राओं का परिणाम आज तक झारखंड में देखने को नहीं मिला है। पार्टी इस संबंध में राज्य सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग करती है। विदेश यात्राओं के बाद सरकार की ओर से टेस्ला जैसी कंपनियों के द्वारा झारखंड में निवेश करने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि राज्य को भरोसा दिलाया गया था कि स्पेन की एक बड़ी कंपनी रांची में मेगा कन्वेंशन सेंटर का निर्माण करेगी। इसी तरह से दावोस में टाटा और रुंगटा समेत कई भारतीय और कुछ विदेशी कंपनियों के साथ सरकार ने कई समझौते किए थे।जिसके तहत झारखंड में एआई और डाटा साइंस का हब बनाने का दावा किया गया था लेकिन आज तक झारखंड में कुछ भी नहीं हुआ। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि विदेशी निवेश और झारखंड में रोजगार सृजन के नाम पर यहां का युवा अपने आप ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए रांची से प्रशांत जयवर्दन की रिपोर्ट