Dhanbad : धनबाद में इन दिनों कोयला और लोहा के कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई खूनी संघर्ष का रूप लेती जा रही है। बीते तीन दिनों के भीतर जिले के अलग-अलग इलाकों में गोलीबारी की तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बाघमारा में दो स्थानों पर कोयला कारोबार को लेकर फायरिंग हुई, जबकि झरिया के जामाडोबा में लोहा कारोबार में दबदबे की लड़ाई के दौरान गोलीबारी की घटना हुई। इन घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। इस बीच धनबाद के मेयर सह पूर्व झरिया विधायक संजीव सिंह ने बाघमारा को जिले में बढ़ती हिंसक घटनाओं का हॉट स्पॉट बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए मेयर संजीव सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में सबसे खराब स्थिति बाघमारा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक और सामाजिक तत्व अपने समर्थकों को आगे कर आपसी टकराव की स्थिति पैदा कर रहे हैं, जिसके कारण विवाद अब गोलीबारी तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि बाघमारा में लंबे समय से ऐसा माहौल बनाया जा रहा है, जहां लोगों को आपस में भिड़ाने की कोशिश की जाती है। इसका नतीजा यह है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था लगातार चुनौती के दौर से गुजर रही है। संजीव सिंह ने शुभम यादव हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पहले भी प्रशासन को आगाह किया था कि यदि धनबाद को शांत रखना है तो सबसे पहले बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी होगी। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं को नजरअंदाज करना खतरनाक साबित हो सकता है। मेयर ने कहा कि यदि समय रहते उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो उनका मनोबल और बढ़ेगा, जिसका असर जिले के अन्य इलाकों में भी देखने को मिल सकता है। उन्होंने धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक से मांग की कि शुभम यादव हत्या मामले के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और बाघमारा में बनी अराजकता की स्थिति को खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
धनबाद से कोयलांचल लाइव के लिए संजना सिंह की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़