Date: 12/06/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

डीटी रोड पर बिखरी बालू बनी मुसीबत, रोज हो रहे हादसे से नगर निगम का खुला पोल ?
 

6/12/2026 12:14:34 PM IST

44
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Ara :  शहर के सबसे व्यस्त और पॉश इलाकों में शुमार डीटी रोड इन दिनों अव्यवस्था और दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। सड़क किनारे चल रहे एक भवन निर्माण कार्य के कारण ठेकेदार द्वारा लगातार सड़क पर बालू गिराई जा रही है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय व्यवसायियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले करीब एक महीने से सड़क पर बड़ी मात्रा में बालू फैली हुई है। इसके कारण दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कई लोगों को गंभीर चोटें लग चुकी हैं, जबकि कुछ लोगों के हाथ और पैर टूटने की भी जानकारी सामने आई है। छोटे-छोटे बच्चे साइकिल चलाने के दौरान संतुलन खोकर गिर रहे हैं, वहीं रिक्शा चालक भी यात्रियों के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। स्थानीय लोगो का कहना है कि सड़क पर फैली बालू के कारण वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब सड़क पर लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार नगर निगम प्रशासन को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन तो दिया जाता है, लेकिन जमीन पर उसका असर दिखाई नहीं देता। इधर, डीटी रोड स्थित मॉल के कर्मचारियों ने भी इस समस्या पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि ठेकेदार से कई बार अनुरोध किया गया कि सड़क पर गिरने वाली बालू को तत्काल हटाकर परिसर के अंदर रखवाया जाए, लेकिन इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई। सड़क पर फैली बालू और धूल के कारण ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क से बालू हटवाने तथा संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और लगातार हो रहे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट