Date: 12/06/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

भीषण गर्मी में ट्रैफिक जवानों को राहत, एसपी ने दिए बैटरी संचालित कूलिंग जैकेट

6/12/2026 3:41:02 PM IST

21
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Saraikela : भीषण गर्मी के बीच सड़क पर घंटों ड्यूटी देने वाले ट्रैफिक जवानों की सेहत और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरायकेला-खरसावां पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। पुलिस अधीक्षक नीधी द्विवेदी ने छह ट्रैफिक जवानों को बैटरी संचालित कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराए हैं। ये विशेष जैकेट गर्मियों में राहत देने के लिए डिज़ाइन किए गए हैं। इनमें बैटरी से चलने वाले फैन और कूलिंग सिस्टम लगे हैं, जो तेज धूप और गर्म मौसम में ड्यूटी के दौरान जवानों को ठंडक प्रदान करेंगे। इससे उन्हें लंबे समय तक सड़क पर काम करने में सहूलियत मिलेगी और उनकी कार्यक्षमता भी बेहतर होगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ट्रैफिक जवान लगातार कड़ी धूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उनकी सेहत और सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। कूलिंग जैकेट उन्हें गर्मी से राहत देने के साथ-साथ बेहतर ढंग से कर्तव्यों का निर्वहन करने में मदद करेंगे। जवानों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि जैकेट में लगे बैटरी संचालित फैन लगातार हवा देते हैं, जिससे गर्मी कम महसूस होती है और ड्यूटी करना अधिक आसान हो जाता है। जिले के चांडिल, ईचागढ़, नीमडीह, कुकड़ू, गम्हरिया, आदित्यपुर, सरायकेला और खरसावां समेत विभिन्न क्षेत्रों में ट्रैफिक जवान कड़ी धूप में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटे हैं। पुलिस विभाग ने बताया कि आवश्यकता के अनुसार भविष्य में और जवानों को भी ऐसे कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराए जाएंगे।
 
 सरायकेला से कोयलांचल लाइव के लिए बसंत कुमार साहू की रिपोर्ट