Date: 09/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 झाड़-फूंक के नाम पर बुजुर्ग महिला से लाखों के सोने के गहनों की ठगी

7/9/2026 4:02:10 PM IST

25
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद में झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के बिसनपुर में 70 वर्षीय राजकुमारी देवी को दो ठगों ने बातों में फंसाकर लाखों रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, बिसनपुर निवासी त्रिलोकी यादव की पत्नी राजकुमारी देवी के पास दो अज्ञात ठग पहुंचे। काले कपड़े और हरे गमछे में आए ठगों ने तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के जरिए घर की परेशानियां दूर करने का दावा किया। उनकी बातों में आकर बुजुर्ग महिला ने कान के झुमके, गले का सोने का लॉकेट और हाथ के कंगन उतारकर ठगों के कहने पर गमछे में रख दिए। इसके बाद ठगों ने महिला से 51 कदम पीछे मुड़कर चलने को कहा। जैसे ही महिला आगे बढ़ी, दोनों ठग सोने के गहने लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। घटना के बाद बुजुर्ग महिला का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि झाड़-फूंक या तंत्र-मंत्र के नाम पर किसी अजनबी की बातों में न आएं।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क