Date: 04/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गंगा का जलस्तर बढ़ा,  प्रशासन ने बाढ़ की तैयारियों को दिया अंतिम रूप

7/17/2026 3:33:36 PM IST

45
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। हालांकि नदी अभी खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही है, लेकिन जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि और पहाड़ी क्षेत्रों में जारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। संभावित बाढ़ और कटाव से निपटने के लिए राहत एवं बचाव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रशासन का दावा है कि हर स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। मुंगेर, जो गंगा तट पर बसा एक ऐतिहासिक और पौराणिक शहर है, लगभग हर वर्ष बाढ़ की चुनौती का सामना करता है। इस वर्ष भी गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जिला आपदा आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार गंगा का जलस्तर 33 मीटर को पार कर चुका है। हालांकि यह अभी भी खतरे के निशान 39.33 मीटर से काफी नीचे है, लेकिन लगातार बढ़ते जलस्तर ने प्रशासन की सतर्कता बढ़ा दी है। गंगा किनारे बसे कई गांवों में कटाव की समस्या भी लोगों की चिंता का कारण बनी हुई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ और कटाव से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। राहत कार्यों के लिए नाव, पॉलीथिन शीट, सूखा राशन, दवाइयां, पशु चारा सहित अन्य आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण किया गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविरों के लिए स्थान भी चिन्हित कर लिए गए हैं। इसके अलावा एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के साथ समन्वय स्थापित कर किसी भी आपात स्थिति से निपटने की रणनीति तैयार की गई है। मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज ने बताया कि प्रशासन गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है। कटाव प्रभावित इलाकों में कटावरोधी कार्य कराए जा रहे हैं और सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, नदी किनारे अनावश्यक रूप से नहीं जाने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उधर, मुख्य सचिव ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को राहत व्यवस्था, निगरानी और समन्वय को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन मौसम विभाग की बारिश संबंधी चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन 24 घंटे निगरानी बनाए हुए है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट