Date: 21/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बिल्डर से 50 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, जान से मारने की धमकी का दावा

7/20/2026 2:40:18 PM IST

54
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : गया में एक चर्चित बिल्डर ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित बिल्डर विकास कुमार का दावा है कि आरोपियों ने उनके कार्यालय में पहुंचकर हथियार का भय दिखाया और रुपये नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पीड़ित बिल्डर एवं तेज टावर के डायरेक्टर विकास कुमार ने आरोप लगाया है कि 3 जुलाई को गोरिया मठ के समीप धर्मसभा गली स्थित उनके कार्यालय में अमित कुमार, सुमित कुमार और कुछ अन्य लोग पहुंचे। विकास कुमार के अनुसार, आरोपियों ने रिवॉल्वर दिखाकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और कहा कि "50 लाख रुपये देकर अपनी सुरक्षा हमसे करवा लो।" पीड़ित का यह भी आरोप है कि उसी दौरान आरोपियों की एक महिला परिजन भी वहां पहुंचीं और पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। विकास कुमार का कहना है कि 13 जुलाई को भी उन्हें पूरे दिन जान से मारने की धमकियां दी गईं। विकास कुमार ने आरोप लगाया कि अमित कुमार और सुमित कुमार के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसकी फुटेज उन्होंने साक्ष्य के तौर पर पुलिस को सौंप दी है।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट