Date: 18/07/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पोटका में मलेरिया पर बड़ा अभियान, 20 गांवों में लगे जांच शिविर

7/18/2026 12:16:44 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया है। पोटका प्रखंड के 14 पंचायतों के 20 गांवों में एक साथ मलेरिया जांच शिविर लगाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें जांच, दवा वितरण और जागरूकता अभियान चला रही हैं। मलेरिया संक्रमण पर रोक लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पोटका प्रखंड में विशेष अभियान शुरू किया है। 14 पंचायतों के 20 गांवों में 20 अलग-अलग स्थानों पर मलेरिया जांच शिविर लगाए गए हैं। प्रत्येक शिविर में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम तैनात की गई है, जहां लोगों की जांच कर तुरंत दवा उपलब्ध कराई जा रही है। जिले के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल ने छोटा आमदा समेत कई गांवों का दौरा कर स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 29 जून से 18 जुलाई के बीच जिले में 1 लाख 66 हजार से अधिक लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिनमें करीब 2,300 लोग संक्रमित पाए गए हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए अतिरिक्त डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव-गांव जाकर मास स्क्रीनिंग, रैपिड टेस्ट, दवा वितरण, फॉगिंग और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सिविल सर्जन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बुखार, सिरदर्द, ठंड लगना, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या स्वास्थ्य शिविर में जाकर जांच और इलाज कराएं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि समय पर जांच और इलाज से मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। इसलिए लोगों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य विभाग के अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है।
 
 जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट