Date: 19/07/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

एयरपोर्ट के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू, 1329 करोड़ की लागत

7/18/2026 5:38:40 PM IST

83
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : बिहार के मुंगेर और भागलपुर के बहुप्रतीक्षित अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम सामने आया है। कैबिनेट ने इस एयरपोर्ट के लिए राशि की स्वीकृति भी दे दी है। एयरपोर्ट के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू हो गई है। खास बात यह है कि इस परियोजना के लिए भागलपुर से ज्यादा जमीन मुंगेर जिले से ली जाएगी। करीब 1329 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह एयरपोर्ट न सिर्फ हवाई यात्रा को आसान बनाएगा, बल्कि पूरे अंग क्षेत्र के विकास की नई उड़ान भी बनेगा। अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए कुल 3145.23 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जाएगी। इसमें मुंगेर जिले की 1720.11 एकड़ और भागलपुर जिले की 1425.11 एकड़ जमीन शामिल है। एयरपोर्ट परिसर में रनवे, आधुनिक टर्मिनल भवन, टैक्सी-वे, एप्रन और भविष्य के विस्तार के लिए एयरसाइड डेवलपमेंट किया जाएगा। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया नागरिक उड्डयन विभाग की स्वीकृति के बाद तेज कर दी गई है। करीब 1329.58 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का लाभ केवल मुंगेर और भागलपुर तक सीमित नहीं रहेगा। बांका, खगड़िया, बेगूसराय, लखीसराय और जमुई जैसे जिले भी सीधे तौर पर इससे जुड़ेंगे। धार्मिक पर्यटन, उद्योग, व्यापार और निवेश को नई गति मिलेगी। विश्व प्रसिद्ध अजगैबीनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर हवाई सुविधा उपलब्ध होगी। एयरपोर्ट के साथ आधुनिक एयरोसिटी विकसित करने की भी योजना है, जिसमें लॉजिस्टिक हब, वेयरहाउसिंग, होटल, एमआरओ सेंटर और व्यावसायिक परिसर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना से हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे और पूर्वी बिहार के आर्थिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। जिलाधिकारी निखिल धनराज ने बताया कि अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट सिर्फ एक हवाई अड्डा नहीं, बल्कि सरकार की एक सोच है जिससे मुंगेर और भागलपुर को वैश्विक मानचित्र पे लाने की दिशा में एक मजबूत पहल है । पूरे अंग क्षेत्र के विकास, निवेश, पर्यटन और रोजगार का नया केंद्र बनने की ओर बढ़ रहा है। अब सभी की निगाहें भूमि अधिग्रहण के बाद निर्माण कार्य शुरू होने पर टिकी हैं। 
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट