Date: 21/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

लगातार बारिश से उफान पर अजय नदी, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

7/21/2026 3:27:41 PM IST

13
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtara : जिले में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश का असर अब अजय नदी पर साफ दिखाई देने लगा है। देवघर और जामताड़ा के आसपास के इलाकों में लगातार बारिश के कारण अजय नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कुछ दिन पहले तक लगभग सूखी नजर आने वाली नदी अब तेज बहाव के साथ लबालब बह रही है। सेंट्रल वाटर कमीशन के अधिकारियों के अनुसार, अगर अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बारिश जारी रही तो अजय नदी का जलस्तर और तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में नदी किनारे रहने वाले लोगों और नदी पार करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। जिला प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में नदी पार करने की कोशिश न करें और नदी के किनारे अनावश्यक भीड़ न लगाएं। प्रशासन ने आशंका जताई है कि जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी होने से हादसे की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि महज चार दिन पहले तक अजय नदी लगभग सूखी नजर आ रही थी, लेकिन लगातार बारिश के बाद नदी में तेजी से पानी बढ़ा है और बहाव भी काफी तेज हो गया है। इसे देखते हुए आसपास के लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। प्रशासन लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है और लोगों से मौसम विभाग तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट