Date: 21/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जमीन विवाद मे एक बार फिर लिया खूनी रूप, इलाके में दहशत का माहौल 

7/21/2026 3:27:41 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad : जहानाबाद जिले के बराबर थाना क्षेत्र के डकरा मोड़ के समीप  जमीन विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। परसौना गांव निवासी 60 वर्षीय विजय यादव की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई, जबकि मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, विजय यादव गेहूं पिसवाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गर्दन में गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की सूचना पर बराबर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक के पुत्र ने आरोप लगाया कि परिवार का अपने ही गोतिया पक्ष के लोगों से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद में 4 जनवरी 2025 को उनके बड़े भाई लोकनाथ यादव की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में दर्ज प्राथमिकी वापस लेने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं।परिजनों के अनुसार, हत्या के मुकदमे में अब तक दो गवाहों की गवाही हो चुकी थी, जबकि आगामी 6 तारीख को एक और गवाह की पेशी निर्धारित थी। उनका आरोप है कि मुकदमे को प्रभावित करने और गवाही रुकवाने की मंशा से इस हत्या को अंजाम दिया गया। घटना के समय विजय यादव के साथ उनका एक बेटा भी मौजूद था, जो किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही बराबर थाना प्रभारी फूलचंद कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। आरोपी पक्ष फिलहाल फरार है और उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी। 
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट