Date: 16/06/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत, हादसे के बाद चालक फरार

6/15/2026 3:30:19 PM IST

28
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : आरा-सलेमपुर मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बभनौली गांव के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पार कर रही एक बुजुर्ग महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को परिजनों की मदद से तुरंत आरा सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के रेपूरा गांव निवासी राधा मोहन राम की 60 वर्षीय पत्नी धनवंती देवी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले परिवार में श्राद्धकर्म था, जिसमें शामिल होने के लिए धनवंती देवी अपने पति के साथ बभनौली गांव आई थीं। सोमवार सुबह वह वापस गांव लौट रही थीं। इसी दौरान ऑटो पकड़ने के लिए सड़क पार करते समय यह हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बाइक सवार की तलाश जारी है। हादसे के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गई हैं।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पाण्डेय की रिपोर्ट