Date: 26/07/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बिजली तार जोड़ने को लेकर दो ग्रामीणों में हिंसक झड़प, फायरिंग व पथराव में आधा दर्जन घायल

7/26/2026 12:37:33 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
बाघमारा : बाघमारा के बरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मंदरा और माथाबांध गांव के ग्रामीणों के बीच शनिवार रात बिजली का तार जोड़ने के विवाद में हिंसक झड़प हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, पथराव हुआ और कथित रूप से कई राउंड फायरिंग भी हुई। इस घटना में मंदरा पंचायत की मुखिया ललिता देवी समेत लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, बिजली का मुख्य तार टूटने से माथाबांध में बिजली आपूर्ति बाधित थी। माथाबांध के लोग मिस्त्री से तार जुड़वा रहे थे, जिसका मंदरा के ग्रामीणों ने विरोध किया। पुरानी रंजिश के चलते मामूली बहस ने हिंसक रूप ले लिया। घटना के बाद माथाबांध के ग्रामीणों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इलाके में तनाव को देखते हुए कई थानों कि पुलिस बल मौके पर मौजूद है।और मामले की जांच जारी है। हालांकि फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं है। घटना में घायल माथाबांध निवासी राज कुमार चौहान ने बताया कि हम लोग 2-3 घंटे से कटी बिजली आपूर्ति को ठीक करवाने के लिए मिस्त्री के साथ गए थे। तभी दूसरे पक्ष के मंदरा के लोगों ने आकर विरोध किया जिसमें मुखिया प्रतिनिधि शंकर बेलदार और उसका बेटा गौरव चौहान और अन्य लोगों ने कहा कि माथाबांध के लिए बिजली लाइन नहीं जाने देंगे। इसके बाद वे लोग अचानक हमला करने लगे। हमलावरों के पास बंदूक थी, जिससे उन्होंने कई राउंड फायरिंग की और बंदूक की बट से हमारे सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।जिसकी लिखित शिकायत बरोरा पुलिस से कि गई है।
 
बाघमारा से कोयलांचल लाइव के लिए काशी नाथ की रिपोर्ट