Date: 30/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में होगा धनबाद का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह, 9 से 13 अगस्त तक होगी परेड रिहर्सल

7/30/2026 5:10:04 PM IST

15
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद :- धनबाद में 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। गुरुवार को उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य समारोह की रूपरेखा तय की गई। इस बार मुख्य समारोह शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में होगा, जहां सुरक्षा, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह सहित सभी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 13 अगस्त तक समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। मुख्य समारोह स्थल पर साफ-सफाई, समतलीकरण, अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में ध्वजारोहण के साथ भवनों की साफ-सफाई और रंग-रोगन भी कराया जाएगा। 15 अगस्त को उपायुक्त सुबह 7:30 बजे बंदोबस्त कार्यालय, 8 बजे आवासीय कार्यालय, 9 बजे शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम और 10 बजे समाहरणालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। वहीं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी विभिन्न सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण करेंगे। इस बार बेलगढ़िया स्थित जेआरडीए प्रशासनिक भवन में भी पहली बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और स्थानीय लोगों को समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। मुख्य समारोह की परेड में डीएपी, एनसीसी, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, जेएपी, होमगार्ड, ग्रामीण पुलिस और स्काउट एंड गाइड की टुकड़ियां भाग लेंगी। 9 से 13 अगस्त तक परेड का पूर्वाभ्यास होगा, जबकि 13 अगस्त को उपायुक्त और एसएसपी तैयारियों का अंतिम निरीक्षण करेंगे। समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित भी किया जाएगा। 14 अगस्त की शाम न्यू टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं 14 और 15 अगस्त की रात शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सरकारी भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। पूरे जिले में 15 अगस्त को ड्राई डे रहेगा। प्रशासन ने लोगों से प्लास्टिक के राष्ट्रीय ध्वज का उपयोग नहीं करने और सम्मानजनक तरीके से तिरंगे का प्रयोग करने की अपील भी की है। 
 
 
कोयलांचल लाइव डेस्क