Date: 20/08/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 खेत से लौटते समय सांप ने काटा, 65 वर्षीय महिला की मौत,एसएनएमएमसीएच में इलाज के दौरान तोड़ा दम..............

8/20/2026 12:52:06 PM IST

25
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad  :- बोकारो जिले की रहने वाली एक 65 वर्षीय महिला की साँप के काटने से मौत हो गई। मृतका की पहचान बैरा बस्ती दुग्ध निवासी विधि देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह खेत से घर लौटने के दौरान उन्हें सांप ने काट लिया था। शुरुआत में सांप के काटने का पता नहीं चलने के कारण इलाज में देरी हुई और बाद में उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजनों के अनुसार, विधि देवी गुरुवार सुबह खेत की ओर गई थीं। खेत के आसपास जंगल का इलाका है। वहां से वापस घर लौटने के दौरान उनके पैर में सांप ने काट लिया। हालांकि, उस समय विधि देवी को इसका एहसास नहीं हुआ और उन्होंने इसे किसी लकड़ी या अन्य चीज से लगी चोट समझा। घर पहुंचने से पहले ही विधि देवी बेहोश होकर गिर गईं। परिजनों ने जब उन्हें उठाया तो उनके पैर में सांप के काटने का निशान दिखाई दिया। शुरुआत में उनकी स्थिति सामान्य लग रही थी, लेकिन कुछ ही देर बाद दर्द बढ़ने लगा और पैर में सूजन आने लगी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में भी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल यानी एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया। परिजन विधि देवी को लेकर एसएनएमएमसीएच पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि अगर सांप के काटने की जानकारी समय पर मिल जाती और तत्काल इलाज शुरू हो जाता, तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क