Date: 03/09/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

लोयाबाद-कतरास मुख्य मार्ग पर मंडरा रहा भू-धंसान का खतरा! ,महीनों से धंसी सड़क की नहीं हुई मरम्मत..............
 

9/2/2026 5:02:19 PM IST

28
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad  :- धनबाद शहर को कतरास से जोड़ने वाले लोयाबाद-कतरास मुख्य मार्ग पर इन दिनों खतरा मंडरा रहा है। लोयाबाद थाना क्षेत्र के पंजाबी मोड़ स्थित बांसजोड़ कांटा घर के समीप सड़क महीनों पहले धंस गई थी, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं हो सकी है। दिन-ब-दिन सड़क की हालत खराब होती जा रही है। वहीं सड़क के किनारे पिछले कई महीनों से गैस रिसाव भी हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया तो यहां भी केंदुआडीह-धनबाद मुख्य मार्ग जैसी स्थिति बन सकती है। तस्वीरें लोयाबाद थाना क्षेत्र के पंजाबी मोड़ की हैं, जहां बांसजोड़ कांटा घर के समीप मुख्य सड़क पर भू-धंसान के बाद सड़क जगह-जगह दब गई है। सड़क का एक हिस्सा काफी कमजोर नजर आ रहा है और लगातार स्थिति बिगड़ती जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क के किनारे पिछले कई महीनों से गैस रिसाव भी हो रहा है। यह पूरा इलाका बीसीसीएल एरिया-5 के अंतर्गत आता है। लोगों का आरोप है कि सड़क की हालत लगातार खराब होने के बावजूद बीसीसीएल और जिला प्रशासन की ओर से इसे दुरुस्त करने को लेकर अब तक गंभीर पहल नहीं की गई है। बताया जाता है कि कुछ महीने पहले पंजाबी मोड़ इलाके में भू-धंसान की घटना हुई थी। उस समय बीसीसीएल की ओर से प्रभावित हिस्से में मिट्टी भराई कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया गया था। लेकिन अब दोबारा सड़क के धंसने और जगह-जगह दबने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं केंदुआडीह-धनबाद मुख्य मार्ग पर गोफ और भू-धंसान की घटना के बाद पिछले करीब सात महीने से आवागमन बंद है। वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से गुजरना पड़ रहा है। ऐसे में स्थानीय लोगों को आशंका है कि अगर लोयाबाद-कतरास मार्ग की समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो यहां भी आने वाले दिनों में बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है। कतरास थाना क्षेत्र में भी हाल के दिनों में भू-धंसान और गोफ की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। यही वजह है कि स्थानीय लोग सड़क की स्थिति को लेकर चिंतित हैं और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल और जिला प्रशासन पर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। लोगों की मांग है कि सड़क का जल्द निरीक्षण कर इसकी मरम्मत कराई जाए और गैस रिसाव की भी जांच की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले खतरे को टाला जा सके।
 
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क