Date: 06/09/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बुजुर्ग माता-पिता ने बेटी पर 4.45 एकड़ जमीन हड़पने का लगाया आरोप

9/6/2026 4:42:24 PM IST

17
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
गया। गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र के पुनार गांव में बुजुर्ग दंपती ने अपनी ही बेटी पर उनकी करीब 4.45 एकड़ खेती की जमीन बिना जानकारी दिए दूसरे लोगों के नाम रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित दंपती बृजनंदन सिंह और उनकी पत्नी श्याम सुंदर देवी का कहना है कि इसी जमीन से होने वाली आमदनी से उनका भरण-पोषण और इलाज चलता था। दंपती के अनुसार, जमीन की आमदनी बंद होने के बाद उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। श्याम सुंदर देवी का आरोप है कि उन्होंने अपनी बेटी बिंदु देवी के दोनों बच्चों की शादी में लाखों रुपये खर्च किए और हर संभव मदद की। इसके बावजूद बुढ़ापे के सहारे की जमीन कथित तौर पर उनकी जानकारी के बिना दूसरे लोगों के नाम रजिस्ट्री करा दी गई। बुजुर्ग दंपती का आरोप है कि जमीन पर कब्जा करने पहुंचे खरीदार उन्हें वहां जाने से रोकते हैं और गाली-गलौज कर भगा देते हैं। इससे दंपती खुद को असहाय महसूस कर रहा है। मामले को लेकर पीड़ित दंपती ने आईजी से मुलाकात कर आवेदन सौंपा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अपनी जमीन वापस दिलाने की गुहार लगाई है। दंपती का कहना है कि जमीन वापस मिलने पर ही वे अपने जीवन-यापन और इलाज का खर्च उठा सकेंगे। बुजुर्ग दंपती ने पुलिस और प्रशासन से मामले की जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए गया से मनोज कुमार की रिपोर्ट