Date: 18/09/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मारपीट के विरोध में ग्रामीणों ने किया 8 लेन सर्विस लेन जाम, युवक से मारपीट का आरोप ,सड़क पर उतरे ग्रामीण.....

9/18/2026 5:48:10 PM IST

7
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के मेमको मोड़ के पास शुक्रवार को मारपीट की घटना के विरोध में ग्रामीणों ने 8 लेन के सर्विस लेन को जाम कर दिया। सड़क पर प्रदर्शन के कारण कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा। ग्रामीण मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, बस्ती का एक युवक आदिवासियों के धार्मिक स्थल जाहेर थान के पास मौजूद था। इसी दौरान एक ट्रक में सवार चार-पांच लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि ट्रक सवार लोग जाहेर थान के पास शौच कर रहे थे और शराब पी रहे थे। बस्ती के युवक ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने पर ट्रक सवार लोगों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद बस्ती के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख ट्रक सवार सभी लोग वाहन को सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि युवक को जबरन गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले जाने का प्रयास किया गया था। घटना से नाराज ग्रामीणों ने 8 लेन के सर्विस लेन को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
 
धनबाद से कोयलांचल लाइव के लिए दीपक की रिपोर्ट