Date: 18/09/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मिहिजाम भागा AFC भागा द्वारा आयोजित LT. LABESHEWR SOREN SAHADEV MURMU & L.T. BALDEV KISKU MEMORIAL TROPHY - 2026 का फाइनल  रोमांचक मुकाबला

9/18/2026 6:38:10 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtara : मिहिजाम भागा AFC भागा द्वारा आयोजित LT. LABESHEWR SOREN SAHADEV MURMU & L.T. BALDEV KISKU MEMORIAL TROPHY - 2026 का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर वाला रहा। फाइनल में FCB चितरंजन और MB FC जामग्राम के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिला, जिसमें FCB चितरंजन ने पेनल्टी शूटआउट में MB FC जामग्राम को 4-3 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के तौर पर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पहुंचे। मंत्री के पहुंचते ही मैदान में मौजूद खेलप्रेमियों एवं आम लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने जय-जयकार के नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया तथा माला पहनाकर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि, “मैं रांची में था, लेकिन जब मुझे मालूम हुआ कि भागा में इतना बड़ा टूर्नामेंट हो रहा है और लोग मुझे लगातार फोन कर रहे हैं, तो मैं खुद को रोक नहीं पाया और फाइनल मैच में शामिल होने पहुंच गया। आप लोगों का प्यार और स्नेह मुझे यहां खींच लाया। मंत्री ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण एवं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है और क्षेत्र में खेल का माहौल मजबूत होता है। अपने संबोधन के दौरान मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मैं झारखंड को भाजपा की बुरी नजर से बचाऊंगा। भाजपा की नजर झारखंड पर है और लगातार ऐसे हथकंडे अपना रही है, जिससे झारखंड के लोगों को उजाड़ा जा सके। भाजपा झारखंड की भलाई करना नहीं जानती।
उन्होंने आगे कहा कि, भाजपा यह कभी बर्दाश्त नहीं कर पा रही है कि झारखंड का मुख्यमंत्री एक आदिवासी है। भाजपा की गंदी नजर यहां के आदिवासियों एवं मूलवासियों की जमीन पर है। MMDR बिल उसी का नतीजा और परिणाम है, जिसका हम लोग पुरजोर विरोध कर रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी हाल में MMDR बिल को झारखंड में लागू नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि इसी आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए दिनांक 26 तारीख को कांग्रेस पार्टी लोक भवन का घेराव करेगी और झारखंड के जल, जंगल, जमीन तथा आदिवासी-मूलवासी अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष को और तेज किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि झारखंड की पहचान यहां के आदिवासी, मूलवासी, किसान, मजदूर और मेहनतकश जनता से है। इनके अधिकारों, जमीन और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाली दोनों टीमों को बधाई दी तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आयोजकों को इतने भव्य एवं सफल टूर्नामेंट के आयोजन के लिए भी धन्यवाद दिया। फाइनल मुकाबले को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और खेलप्रेमियों ने रोमांचक मैच का भरपूर आनंद उठाया।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट