Date: 21/09/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

लोहारंगी में हाईवा की टक्कर से दो नाबालिग गंभीर,  सिर में लगी गंभीर चोट, धनबाद रेफर.....

9/21/2026 12:40:58 PM IST

13
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtara : गोविंदपुर-साहिबगंज राजमार्ग के नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोहारंगी गांव के समीप भीषण सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो नाबालिग युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों के सिर में गंभीर चोट लगी है।
घायल युवकों की पहचान रामपुर गांव निवासी 15 वर्षीय समसेद अंसारी और बिराजपुर निवासी 17 वर्षीय जाहिद अंसारी के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि गोविंदपुर-साहिबगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही के बीच यातायात नियमों के पालन और गति नियंत्रण की मांग स्थानीय लोग लंबे समय से करते रहे हैं।
इधर दुर्घटना के बाद पुलिस ने घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे मे शामिल हाईवा और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। ग्रामीणों ने सड़क पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित कराने और दुर्घटना वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट