Date: 12/10/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

नगर निगम कर्मचारी यूनियन की चेतावनी 25 सूत्री मांगें पूरी नहीं हुईं तो मशाल जुलूस, निगम गेट जाम कर करेंगे आंदोलन...

10/11/2026 5:16:23 PM IST

19
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Dhanbad : धनबाद में नगर निगम कर्मचारियों ने अपनी 25 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। अखिल भारतीय मजदूर संघ के अंतर्गत धनबाद नगर निगम कर्मचारी यूनियन ने गोल्फ ग्राउंड में महत्वपूर्ण बैठक कर निगम प्रशासन से मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द संज्ञान नहीं लिया गया, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आयोजित इस बैठक में नगर निगम के सफाई मित्रों, चालकों, पर्यवेक्षकों और अन्य कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की गई। यूनियन के प्रदेश महासचिव सह जिला अध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि निगमकर्मी जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में काम करते हुए शहर की स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखते हैं, लेकिन उनकी कई मांगें अब तक पूरी नहीं हुई हैं। यूनियन के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को निगम प्रशासन को 25 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया था, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में एक माह के बकाया बोनस का भुगतान, ईएसआई कार्ड और बेहतर चिकित्सा सुविधा, पीएफ, सातवें वेतनमान के एरियर का भुगतान, एसीपी का लाभ, वेतन में उचित वृद्धि, अस्थायी और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का स्थायीकरण तथा हटाए गए कर्मचारियों की पुनर्बहाली शामिल है। इसके अलावा जोखिम भत्ता, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन, कार्य के दौरान मृत्यु होने पर उचित मुआवजा और आश्रितों को नियोजन देने की मांग भी उठाई गई। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यदि निगम प्रशासन जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करता है, तो आने वाले दिनों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके साथ ही नगर निगम के प्रवेश द्वार को जाम कर विरोध प्रदर्शन करने की भी चेतावनी दी गई है।

 

धनबाद से कोयलांचल लाइव के लिए संजना सिंह की रिपोर्ट