Date: 23/10/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

डीआरएम ने टाटानगर स्टेशन पर  किया जनसंवाद, यात्रियों से लिए सुझाव ,टाटानगर-हल्दीपोखर के बीच बनेगा नया रेलवे स्टेशन 

10/22/2026 6:53:17 PM IST

25
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur  :जमशेदपुर यात्रियों की सुविधाओं में सुधार और रेलवे सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार, 22 अक्टूबर को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अनुभव सुने। इस दौरान स्टेशन परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।जनसंवाद के दौरान डीआरएम ने स्टेशन की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और रेल सेवाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्टेशन की पार्किंग, डिवाइडर और आसपास के उद्यानों में सफाई अभियान चलाया।
वही डीआरएम तरुण हुरिया ने मिडिया को बताया की  यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए पुरी-बड़ामपहाड़ एक्सप्रेस और संतरागाछी-खातिपुरा एक्सप्रेस का परिचालन जल्द शुरू करने की तैयारी है। इन ट्रेनों के शुरू होने से यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवाएं मिलेंगी और विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा।उन्होंने बताया कि टाटानगर और हल्दीपोखर के बीच एक नया रेलवे स्टेशन बनाने की योजना है। इसके साथ ही मंडल में रेलवे के बुनियादी ढांचे के विकास और आधुनिकीकरण से जुड़ी योजनाओं पर भी काम किया जाएगा। रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर डीआरएम ने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल में स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ लगाने का काम जल्द पूरा करने का लक्ष्य है। इससे रेल परिचालन की सुरक्षा मजबूत करने में मदद मिलेगी।
डीआरएम ने लोगों से ट्रेनों पर पत्थरबाजी नहीं करने और बिना उचित कारण चेन पुलिंग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है और रेल परिचालन प्रभावित होता है। साथ ही यात्रियों से रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने और रेलवे की संपत्ति की रक्षा करने का आग्रह किया।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट