Date: 16/09/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

आजसू पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर गोमिया विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा....

9/15/2026 4:30:39 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Ranchi : रांची में आज आजसू पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर झारखंड, विशेषकर गोमिया विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में आजसू के वरिष्ठ नेता लंबोदर महतो,  विधायक  तिवारी महतो समेत अन्य नेता शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि गोमिया के कथारा और आसपास के क्षेत्रों में सीसीएल की खदानों और झरकों में आग लगी हुई है, जिससे करोड़ों रुपये मूल्य का कोयला और संपत्ति नष्ट होने की आशंका है। इसके अलावा गोमिया प्रखंड के पलानी गांव में पिछले 15 दिनों से मिथेन गैस रिसाव के कारण आग लगी हुई है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि इस मामले में सीसीएल प्रबंधन, ओएनजीसी, जिला प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
आजसू नेताओं ने विनोद बिहारी महतो कोलांचल विश्वविद्यालय में आउटसोर्सिंग टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितता का भी मुद्दा उठाया और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही गोमिया के ढंडे क्षेत्र में पुल बह जाने की घटना की जांच, दोषी अधिकारियों और संवेदकों पर कार्रवाई तथा नए पुल निर्माण की मांग भी राज्यपाल के समक्ष रखी गई। बोकारो नदी पर बने निम्नस्तरीय पुल की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया।
वहीं विधायक तिवारी महतो ने राज्यपाल का समय देने के लिए आभार व्यक्त करते हुए राधा गोविंद विश्वविद्यालय में कथित डिग्री घोटाले का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएड सहित अन्य पाठ्यक्रमों की फर्जी डिग्रियां जारी की गई हैं और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की जानी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से सभी मामलों में हस्तक्षेप करते हुए राज्य सरकार और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की।
 
रांची से कोयलांचल लाइव के लिए प्रशांत जयवर्धन की रिपोर्ट