Date: 28/10/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 वोट बचाओ, देश बचाओ आंदोलन की तैयारी तेज, कांग्रेस पर्यवेक्षक डॉ. शिवकुमार डहरिया पहुंचे धनबाद ,मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर साधा निशाना........
 

10/27/2026 11:06:45 AM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad  :- कांग्रेस ने वोट बचाओ, देश बचाओ आंदोलन को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री सह कांग्रेस पर्यवेक्षक डॉ. शिवकुमार डहरिया धनबाद पहुंचे। सर्किट हाउस में उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सिंह समेत जिले भर के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आगामी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली की तैयारियों और पार्टी की रणनीति पर चर्चा की गई। इस दौरान डॉ. डहरिया ने केंद्र की मोदी सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधा।
 
धनबाद के सर्किट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और वोट बचाओ, देश बचाओ आंदोलन की तैयारियों की समीक्षा की गई। धनबाद पहुंचने पर कांग्रेस पर्यवेक्षक डॉ. शिवकुमार डहरिया का जिला अध्यक्ष संतोष सिंह समेत अन्य कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
 
डॉ. डहरिया ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में यह आंदोलन चलाया जा रहा है। इसी के तहत एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
 
कांग्रेस पर्यवेक्षक ने केंद्र की मोदी सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि दोनों की मिलीभगत से राज्यों में सरकारें बनाई गई हैं। डॉ. डहरिया ने इसे लोकतंत्र की हत्या बताते हुए कहा कि दिल्ली की रैली के माध्यम से केंद्र सरकार की कथित तानाशाही के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा।
 
डॉ. शिवकुमार डहरिया ने कहा कि धनबाद में समीक्षा बैठक का उद्देश्य आंदोलन की तैयारियों का जायजा लेना और कार्यकर्ताओं की भूमिका तय करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि देश की जनता बीजेपी सरकार को केंद्र की सत्ता से हटाने का काम करेगी। बैठक में अजय दुबे ,संतोष सिंह ,मदन महतो ,शमशेर आलम ,सहित कई कांग्रेस नेता उपस्थित रहे |
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क