Date: 02/11/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

108 केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुई JTET 2026 परीक्षा
 

11/1/2026 5:48:32 PM IST

15
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी JTET 2026 धनबाद जिले में शांतिपूर्ण संपन्न हुई। परीक्षा के लिए जिले में कुल 108 केंद्र बनाए गए थे, जहां 48 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार परीक्षा के दौरान विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। धनबाद जिले में JTET 2026 की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक कक्षा 6 से 8वीं तक के शिक्षकों की पात्रता परीक्षा हुई। वहीं, दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक कक्षा 1 से 5वीं तक के शिक्षकों की पात्रता परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी और नकल को रोकने के लिए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती। डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं को बेहतर बताया। अभ्यर्थियों के मुताबिक, परीक्षा की व्यवस्था अच्छी थी और उन्हें उम्मीद है कि वे परीक्षा में सफल होंगे।
वहीं, डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने परीक्षा के सफल आयोजन की जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा को लेकर पहले से ही व्यापक तैयारी की गई थी। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और कहीं से भी गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली। फिलहाल, धनबाद जिले में JTET 2026 की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क