Gaya : गया श्मशान घाट पर लकड़ी के कारोबार को लेकर वर्चस्व की लड़ाई का मामला सामने आया है। इस मामले में सागर कुमार ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों का खंडन करते हुए मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 9 नवंबर 2026 को औरंगाबाद निवासी कुछ लोग दाह संस्कार के लिए उनकी दुकान पर आए थे। उन लोगों ने उनसे लकड़ी की खरीदारी की थी। इसी बात को लेकर बगल की दुकान पर लकड़ी का कारोबार करने वाले नाटू सिंह, उनकी पत्नी, साले मुन्ना सिंह और अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। सागर कुमार का आरोप है कि मारपीट के दौरान नाथू सिंह ने उनकी जेब में रखे 23 हजार रुपये नकद और गले में पहनी करीब 12 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली। इसके साथ ही उन्हें धमकी दी गई कि यदि कम कीमत पर लकड़ी बेचेंगे तो जान से मार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसी दिन बाद में जब वह घर से वापस दुकान लौट रहे थे, तब मानसरोवर नदी घाट के पास नाथू सिंह ने उन पर दोबारा हमला कर बेरहमी से मारपीट की। सागर कुमार ने इस पूरे मामले में विष्णुपद थाना में नाटू सिंह, उनकी पत्नी और साले मुन्ना सिंह सहित अन्य के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
गया से कोयलांचल लाइव की लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़