Date: 14/11/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धर्मशाला में रेलवे टिकटों की कालाबाजारी का भंडाफोड़, मुंबई का युवक गिरफ्तार, 1.74 लाख के 31 टिकट बरामद

11/13/2026 2:06:03 PM IST

20
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद :  रेलवे टिकटों की कालाबाजारी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। गिरिडीह के मधुबन में एक धर्मशाला के कमरे में छापेमारी कर मुंबई के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से 1 लाख 74 हजार 630 रुपये मूल्य के 31 भविष्य के रेल टिकट बरामद किए गए हैं। इन टिकटों पर कुल 117 यात्रियों का सफर प्रस्तावित था। पूछताछ में आरोपी ने जरूरतमंद यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने के नाम पर प्रति टिकट 2 से 3 हजार रुपये अतिरिक्त वसूलने की बात स्वीकार की है।  दरअसल, गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को सीआईबी धनबाद और रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोमो की संयुक्त टीम ने स्थानीय मधुबन थाना पुलिस के सहयोग से सिद्धायतन चैरिटेबल स्पिरिचुअल होम धर्मशाला में छापेमारी की। धर्मशाला के कमरा नंबर 226 की तलाशी के दौरान टिकटों की कालाबाजारी का खुलासा हुआ। मौके से महाराष्ट्र के मुंबई स्थित मालाड पश्चिम निवासी 33 वर्षीय भाविक जसवंत राय सूचक को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से पिछले तीन दिनों में मधुबन रेलवे काउंटर से कटवाए गए 31 भविष्य के रेल टिकट मिले। इनकी कुल कीमत 1 लाख 74 हजार 630 रुपये है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी जरूरतमंद यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने के नाम पर प्रति टिकट 2 से 3 हजार रुपये तक अतिरिक्त वसूल रहा था। कार्रवाई के दौरान टीम ने दो इस्तेमाल किए हुए टच स्क्रीन मोबाइल फोन और 6 हजार 900 रुपये नकद भी जब्त किए। इस मामले में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोमो में 12 नवंबर 2026 को कांड संख्या 789/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल रेलवे सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं और टिकटों की कालाबाजारी में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क |