Date: 16/05/2025 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मंईयां सम्मान योजना पर बड़ा अपडेट, खाते में  5 हजार रुपए पाने में अब नहीं है लेट 

5/15/2025 4:56:33 PM IST

85
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad  :झारखंड में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के लिए एक नई खुशखबरी है।  मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों की राशि में बढ़ोतरी कर उसे 2500 रूपये के बजाय अब 5000 रूपये करने की स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए उक्त योजना 54 लाख महिला लाभुकों के खाते में 5000 रुपए की राशि इसी माह भेजी जाएगी। यह राशि प्रतिमाह 2500 के हिसाब से अप्रैल और मई की होगी। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-2026 के लिए सभी 24 जिलों के लिए 96 अरब 9 करोड़ रुपए का आवंटन कर दिया है। चालू वर्ष में योजना के क्रियान्वयन के लिए कुल एक खरब 33 अरब 63 करोड़ 35 लाख 10 हजार रुपए खर्च करने की स्वीकृति दी है। विभागीय सचिव मनोज कुमार ने इस मामले में  सभी जिलों के डीसी को पत्र लिखकर राशि की जानकारी दी। इधर महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव ने अपने निर्देश में जिलों को लाभुकों को आर्थिक सहायता राशि का भुगतान प्रत्येक माह की 15वीं तारीख तक करना सुनिश्चित करने को कहा है। सभी 24 जिलों के लिए यह राशि तीन तरह से आवंटित की गई है। इसमें जनजातीय क्षेत्रीय उपयोजना (टीएसपी) के लिए 38 अरब 97 करोड़, अन्य क्षेत्रीय उपयोजना (ओएसपी) के लिए 44 अरब 67 करोड़, अनुसूचित जातियों के लिए विशेष घटक योजना (एससीएसपी) के लिए 12 अरब 45 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। सर्वजन पेंशन योजना के लिए विभाग ने सभी 25 सामाजिक सुरक्षा कोषांग कार्यालय को बुधवार को 36 अरब 72 करोड़ 14 लाख आवंटित कर दिया है। वित्तीय वर्ष 25-26 में योजना के क्रियान्वयन के लिए विभाग ने कुल 38 अरब 50 करोड़ 66 लाख रुपए की स्वीकृति दी है। पत्र में सचिव ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि पेंशनधारियों को पेंशन राशि का भुगतान प्रत्येक माह की 5वीं तारीख तक करने की हिदायत दी गई है।विदित हो कि वर्ष 2021 में जब यह योजना शुरू हुई थी, तब 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी वृद्धजनों को पेंशन योजना का लाभ मिलता था। पिछले साल छह मार्च को चंपाई सोरेन सरकार ने महिला, एससी-एसटी और ओबीसी के 50 साल से ज्यादा आयु वालों को योजना के दायरे में लेकर आई थी। वर्तमान में योजना के लाभुकों की संख्या 38 लाख के करीब है। गिरिडीह सामाजिक सुरक्षा कोषांग के लिए सबसे अधिक 2 अरब 82 रुपए, रांची के लिए 2 अरब 58 करोड़ जारी किया गया है।
 
 
उमेश तिवारी कोयलांचल लाइव डेस्क