Date: 12/08/2025 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पुलिस से ज्यादा सक्रिय निकली पार्टी, आजसू कार्यकर्ताओं ने पकड़ा प्रतिबंधित मांगुर मछली से लदा ट्रक

8/1/2025 1:33:40 PM IST

112
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Edited By - Vikash 
 
Gridih : आजसू पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को एक बड़ी कारवाई करते हुए गिरिडीह-बोकारो सीमा पर कुलगो स्थित घंघरी टोल प्लाजा के पास से प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली से लदे एक ट्रक को पकड़ा और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। ट्रक (संख्या RJ09GF1357) को जब्त कर डुमरी थाना लाया गया, वहीं चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष सतीश महतो ने बताया कि पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि जीटी रोड के रास्ते बंगाल से थाई मांगुर मछली की अवैध तस्करी की जा रही है। गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने इस ट्रक की जानकारी दी और उसे रोकने का निर्देश दिया। इसी सूचना के आधार पर सतीश महतो के नेतृत्व में सांसद प्रतिनिधि सुरेश महतो, पिंटू कुमार, सुनील महतो, संतोष पंडित, विजय महतो आदि कार्यकर्ताओं ने ट्रक को टोल प्लाजा के पास रोककर जांच की। जांच में ट्रक में बड़ी मात्रा में थाई मांगुर मछली पाई गई। ट्रक चालक ने जोहार रोड लाइन कोलकाता का दस्तावेज दिखाया, जिसमें जीवित मछली लदे होने का उल्लेख था। कार्यकर्ताओं ने इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी। मांगुर मछली पर भारत सरकार ने पर्यावरण और स्वास्थ्य कारणों से प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद इस मछली की धड़ल्ले से नेशनल हाइवे डुमरी थाना ,निमियाघाट थाना ,बगोदर थाना होते हुए अवैध तस्करी का सिलसिला जारी है।
 
गिरिडीह से कोयलांचल लाइव के लिए नरेश गोस्वामी की रिपोर्ट