Date: 10/03/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

आईईडी ब्लास्ट में एक युवती की मौत,दो महिला घायल

11/29/2025 12:22:09 PM IST

7449
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Chaibasa : मनोहरपुर प्रखंड के सारंडा जंगल में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी ब्लास्ट से कोलभोंगा गांव की फूलों धनवार (18) की मौत हो गई है। वहीं सलामी कुंडलना (28) और बरसी धनवार (35) गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। घटना जराईकेला थाना क्षेत्र के कोलबोंगा गांव के पास जंगल में शुक्रवार को हुई, जब महिलाएं पत्ता तोड़ने गई थीं।  विस्फोट इतना जोरदार था कि फूलों धनवार की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य घायल महिलाओं को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जराईकेला थाना पुलिस और स्थानीय सुरक्षा बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया तथा इलाके को सील कर दिया। सारंडा जंगल लंबे समय से नक्सलियों का गढ़ रहा है। यहां पिछले कुछ महीनों में कई आईईडी विस्फोट हो चुके हैं, जिनमें सुरक्षा बलों के जवान और ग्रामीण प्रभावित हुए। नक्सली सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए जंगल में विस्फोटक बिछा रहे हैं, लेकिन निर्दोष लोग चपेट में आ रहे हैं। ग्रामीणों में घटना से रोष व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से जंगल में सुरक्षा बढ़ाने और नक्सल उन्मूलन अभियान तेज करने की मांग की है। पुलिस ने नक्सलियों की तलाश तेज कर दी है।
 
चाईबासा से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट